Pakistan Blast: फिर दहला पाकिस्तान! बलूचिस्तान में BNP रैली पर हमला, 14 की मौत, 35 घायल

Pakistan : पाकिस्तान एक बार फिर आतंकवादी हमले से दहल उठा। बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में हुए भीषण विस्फोट में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका शाहवानी स्टेडियम के पास उस वक्त हुआ, जब बलूच नेता सरदार अताउल्लाह मेंगल की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम का समापन हो चुका था।

बीएनपी की रैली थी निशाना

पुलिस के मुताबिक, धमाका बलूचिस्तान नेशनल पार्टी (BNP) की रैली को निशाना बनाकर किया गया। शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि असली टारगेट पार्टी के वरिष्ठ नेता अख्तर मेंगल और उनका काफिला था। हालांकि, मेंगल हमले में सुरक्षित बच गए।

बीएनपी प्रवक्ता साजिद तरीन ने बताया कि धमाके में पार्टी के 13 सदस्य मारे गए। उन्होंने कहा—“जैसे ही अख्तर मेंगल का वाहन घटनास्थल से गुजरा, कुछ ही सेकंड बाद जोरदार धमाका हुआ।”

अख्तर मेंगल ने दी प्रतिक्रिया

धमाके के बाद अख्तर मेंगल ने सोशल मीडिया पोस्ट कर अपनी सुरक्षा की पुष्टि की और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा—“अल्लाहु अकबर, मैं सुरक्षित हूं। लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं की मौत से बहुत दुखी हूं। करीब 15 लोग शहीद हुए और कई घायल हुए। उन्होंने मेरे साथ खड़े होकर अपनी जान कुर्बान कर दी। उनका बलिदान कभी नहीं भुलाया जाएगा। यह मुझ पर कर्ज है, और मैं इसे जिम्मेदारी के साथ निभाऊंगा।”

सरकार और प्रशासन की प्रतिक्रिया

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा—“यह कायराना हरकत शांति के दुश्मनों की साजिश है। हिंसा का मकसद इलाके का माहौल बिगाड़ना और डर फैलाना है।” मुख्यमंत्री ने घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

बुगती ने मामले की जांच और रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक विशेष समिति बनाने की घोषणा भी की। साथ ही क्वेटा शहर में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है।

घायलों की हालत गंभीर

धमाके में घायल कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बलूचिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

Youthwings