वैलेंटाइन डे से पहले सक्रिय हुआ बजरंग दल, पार्कों में पहुंचकर हनुमान चालीसा के साथ दी गई समझाइश
वैलेंटाइन डे
रायपुर: वैलेंटाइन डे मनाने से रोकने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता एक दिन पहले से ही सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को कार्यकर्ता राजीव गांधी स्मृति वन सहित शहर के अन्य पार्कों में पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेमी जोड़ों को समझाइश दी और हनुमान चालीसा का वितरण किया।
पार्कों में निगरानी और दंड की चेतावनी
बजरंग दल के नेताओं ने शनिवार को शहर के सभी पार्कों में निगरानी रखने की घोषणा की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी पार्क में प्रेमी जोड़ों को अश्लील हरकतों में लिप्त पाया गया, तो उन्हें दंडित किया जाएगा।
वैलेंटाइन डे पर रायपुर पुलिस अलर्ट
वैलेंटाइन डे के दिन किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए रायपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सादी वर्दी में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
पुलिस प्रशासन ने शहर के सभी उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों पर महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की सादी वर्दी में तैनाती करने का निर्णय लिया है। विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। पुलिस कमिश्नरेट के नार्थ और सेंट्रल जोन को सबसे ज्यादा संवेदनशील माना गया है, क्योंकि यहां अधिकतर पार्क, मॉल, क्लब और होटल स्थित हैं।
पिछली घटना से लिया गया सबक
पिछले वर्ष 24 दिसंबर को रायपुर बंद के दौरान मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। वैलेंटाइन डे के दिन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना रोकने के लिए सभी अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
बजरंग दल का पक्ष
बजरंग दल के जिला अध्यक्ष योगेश सैनी ने बताया कि वैलेंटाइन डे से एक दिन पहले कार्यकर्ता पार्कों में पहुंचकर युवाओं को सनातन धर्म के बारे में जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नई पीढ़ी धीरे-धीरे पाश्चात्य संस्कृति से जुड़े पर्व मनाने से बच रही है।
उनके अनुसार वैलेंटाइन डे के दिन बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता पार्कों में निगरानी करेंगे।
कानून व्यवस्था बनाए रखने पूरी तैयारी
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने दोहराया कि वैलेंटाइन डे के दिन किसी भी तरह से कानून व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन के डीसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
