‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ की पोल खुली! महिला से दुष्कर्म के आरोप में कथावाचक नरेंद्र शास्त्री गिरफ्तार
बागबाहरा थाना क्षेत्र में पीड़िता की शिकायत पर हुई कार्रवाई, आरोपी पर IPC की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) लगाई गईं, पुलिस ने रायपुर के सिलयारी से किया गिरफ्तार
महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य के रूप में पहचान रखने वाले नरेंद्र शास्त्री को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्थानीय स्तर पर “चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा” के रूप में भी जाना जाता था । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पीड़िता के आवेदन के बाद गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, पीड़िता के आवेदन और प्रारंभिक जांच के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गिरफ्तारी की पुष्टि की है । गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
सिलयारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लेकर आई पुलिस
आरोपी नरेंद्र शास्त्री रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र का निवासी बताया जाता है। महासमुंद पुलिस की टीम आरोपी को सिलयारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लेकर आई है। मामले की संवेदनशीलता और आरोपी की सार्वजनिक पहचान को देखते हुए इसे हाई प्रोफाइल मामला माना जा रहा है।
‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ की पहचान
सूत्रों के मुताबिक नरेंद्र शास्त्री कथावाचन तथा ज्योतिषाचार्य के रूप में पहचान रखता है। वह लोगों के बीच भविष्यवाणी और धार्मिक कार्यक्रमों के कारण चर्चित रहा है। स्थानीय लोग उसे “चावल देखकर भविष्य बताने वाला बाबा” कहकर बुलाते थे। इस नाम से यह साफ है कि आरोपी लोगों के बीच अंधविश्वास का फायदा उठाकर अपनी पहचान बना चुका था।

जारी है जांच, बरती जा रही सतर्कता
मामले को लेकर महासमुंद पुलिस के अधिकारियों ने फिलहाल विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इधर, गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
Read more-
Mahasamund Nilgai Killing News: कुल्हाड़ी से मादा नीलगाय की हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार
