अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, 2 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करेगी SIT

Supreme Court NEET protest hearing

नई दिल्ली। अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर दायर याचिकाओं पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। इस दौरान केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने शीर्ष अदालत को आश्वस्त किया कि मामले में अगले दो दिनों के भीतर संबंधित अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। मामले की सुनवाई CJI जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष हुई।

90 दिन पूरे होने से पहले चार्जशीट जरूरी: सॉलिसिटर जनरल

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकरण में पहली गिरफ्तारी के 90 दिन 25 सितंबर को पूरे हो रहे हैं। कानून के मुताबिक अगर 90 दिनों की तय समय-सीमा के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं की गई, तो गिरफ्तार आरोपियों को ‘डिफ़ॉल्ट ज़मानत’ मिल जाएगी। तुषार मेहता ने कहा कि जांच एजेंसी पूरी तरह सतर्क है और अगले दो दिनों के भीतर आरोप पत्र कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा। इस पर सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा, “आपको बिल्कुल समय पर चार्जशीट दाखिल करनी चाहिए।”

सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट पेश, CCTV फुटेज का हुआ विश्लेषण

सॉलिसिटर जनरल ने शीर्ष अदालत को अवगत कराया कि मामले की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में जमा करा दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में स्टेटस रिपोर्ट के मुख्य बिंदुओं को रिकॉर्ड पर लिया, जिनमें शामिल हैं। आरोपियों की सटीक पहचान सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया है।  रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि राम मंदिर में चढ़ावे के तौर पर आने वाले कीमती सामानों और आभूषणों की रसीद एक विशेष व सुरक्षित सॉफ्टवेयर के माध्यम से जनरेट की जाती है। इसके अलावा सभी मूल्यवान वस्तुओं को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के लॉकर में पूरी सुरक्षा के साथ रखा जाता है।

SIT की जांच लगभग पूरी

उत्तर प्रदेश सरकार और विशेष जांच दल की ओर से अदालत को बताया गया कि जांच का अधिकांश हिस्सा पूरा कर लिया गया है। एसआईटी हर पहलू की कड़ाई से पड़ताल कर रही है और 25 सितंबर की तय मियाद या उससे पहले ही निचली अदालत में अंतिम चार्जशीट पेश कर दी जाएगी।

Youthwings