शर्मनाक : वर्ल्ड कप मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर: आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में जगह बनाने की दौड़ में शनिवार को होलकर स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच महत्वपूर्ण मुकाबला होने वाला है। लेकिन इस रोमांचक मैच से ठीक पहले इंदौर में एक शर्मनाक घटना ने शहर की ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा पर गहरा सवाल खड़ा कर दिया। ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ की घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। पुलिस ने मात्र 6 घंटे के अंदर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। यह घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

दोनों खिलाड़ी अपने होटल रैडिसन ब्लू से खजराना रोड पर स्थित एक कैफे की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक युवक, जो सफेद शर्ट और काली कैप पहने बाइक पर सवार था, उनका पीछा करने लगा। उसने अश्लील इशारे किए और एक खिलाड़ी के साथ अशोभनीय हरकत की, फिर फरार हो गया। डरी हुई दोनों खिलाड़ियों ने तुरंत अपनी टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को लोकेशन और इमरजेंसी मैसेज भेजा। सिमंस ने बताया, “मैं मैसेज पढ़ ही रहा था कि एक खिलाड़ी का कॉल आ गया। वो रो रही थीं और बोलीं, ‘किसी ने हमें छेड़ा।’ मैंने तुरंत कार भेजकर दोनों को होटल वापस बुलवा लिया।”

घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने आरोपी की बाइक का नंबर नोट कर लिया, जो पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ। सिमंस की शिकायत पर एमआईजी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद विजय नगर, एमआईजी, खजराना, परदेशीपुरा और कनाडिया थानों की टीमें जांच में जुट गईं। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी की पहचान खजराना निवासी अकील (या अकील खान) के रूप में हुई। उसे शुक्रवार शाम आजाद नगर से गिरफ्तार किया गया।

एडिशनल डीसीपी (क्राइम ब्रांच) राजेश दंडोतिया ने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। सीसीटीवी से आरोपी की पहचान कर इंटेंसिव स्ट्रेटजिक ऑपरेशन चलाकर 6 घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब जांच चल रही है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में कहां चूक हुई। इस घटना के बाद होटल से स्टेडियम तक के पूरे रूट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने घटना पर नाराजगी जताई और इंटेलिजेंस विंग को फटकार लगाई। अब महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं: निंदा और आरोप-प्रत्यारोप का दौर
इस घटना ने राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने कहा, “इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से मन अत्यंत व्यथित, स्तब्ध और दुखी है। किसी भी महिला को इस प्रकार के अनुचित व्यवहार का सामना नहीं करना चाहिए। प्रभावित खिलाड़ियों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। यह घटना न केवल खिलाड़ियों बल्कि पूरे खेल जगत और हमारे राज्य एवं शहर के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। पूरा मध्यप्रदेश, विशेष रूप से इंदौर, सदैव अपने अतिथियों के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए प्रसिद्ध रहा है। एक व्यक्ति की अनुचित व्यवहार ने इस प्रतिष्ठित छवि को आघात पहुंचाया है, जिससे हम सभी अत्यंत दुखी हैं।”

कांग्रेस ने सरकार को घेरा। मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, “इंदौर मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है, यह कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। पुलिस का डर मध्यप्रदेश में खत्म हो चुका है। मुख्यमंत्री गृह मंत्री भी हैं, उन्हें बताना पड़ेगा कि गलती किसकी हुई। जो अधिकारी ड्यूटी पर थे, उन्होंने क्या किया? अंतरराष्ट्रीय मैचों में खिलाड़ियों की सुरक्षा सरकार का दायित्व है। खिलाड़ी कहां जाएंगे, कैसे जाएंगे, किसकी ड्यूटी है—यह सब सुनिश्चित होता है। इसके बावजूद अगर यह घटना घटी, तो अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।”

वहीं, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “यह देश के सम्मान की बात है, इसलिए कार्रवाई कठोर होगी।” बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने इसे दुखद बताते हुए कहा, “मोहन यादव सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराधी अकील को पकड़ा है। अकील पर एनएसए की कार्रवाई की जाएगी, सार्वजनिक जुलूस भी निकाला जाएगा। इंदौर जो सफाई और संस्कार के लिए दुनिया में जाना जाता है, उसे बदनाम करने की साजिश अकील ने की है। बेटी ऑस्ट्रेलिया की हो या इंग्लैंड की, उसकी सुरक्षा की गारंटी हमारी है।”

खेल मंत्री विश्वास सारंग ने इसे शर्मनाक बताया और कहा, “हमारी परंपरा ‘अतिथि देवो भव’ की है, इस तरह की हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं। प्रशासन ने तुरंत सख्त कार्रवाई की है। ऐसी कार्रवाई होगी जिसकी मिसाल बनेगी। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके निर्देश दिए हैं। दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।”

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी बयान जारी कर पुष्टि की कि दो टीम सदस्यों के साथ अनुचित स्पर्श की घटना हुई, और मामला पुलिस को सौंप दिया गया। बीसीसीआई ने इसे ‘निंदनीय लेकिन एकाकी घटना’ बताया।

मैच पर असर?
ऑस्ट्रेलिया 11 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर है। शनिवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत से उनका सेमीफाइनल तय हो जाएगा। लेकिन इस जीत-हार के बीच इंदौर दुनिया की नजरों में एक सवाल के कटघरे में खड़ा है। एमपीसीए ने खिलाड़ियों की बहादुरी की सराहना की और ऑस्ट्रेलियाई टीम से माफी मांगी। घटना के बावजूद खिलाड़ी मैदान पर उतरीं और साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हरा दिया।

Youthwings