छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित चैनल के पत्रकार और कैमरामैन पर हमला: रिपोर्टिंग के दौरान की मारपीट और मोबाइल लूटने का भी प्रयास
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पत्रकार सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे, एक प्रतिष्ठित चैनल के पत्रकार और उनके साथ मौजूद कैमरामैन पर पानी की बोतल से हमला किया गया। बताया गया है कि मसाला कंपनी के मालिक ने रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकार को रोकने की कोशिश की और गले से पकड़कर मारने का प्रयास किया। इसी दौरान कैमरामैन के दो मोबाइल फोन लूट लिए गए।
तीसरे मोबाइल फोन को भी जबरदस्ती लूटने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने में सफल रहे। इस घटना ने पत्रकारों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पत्रकारों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पत्रकारिता की आज़ादी पर हमला है और प्रशासन तथा पुलिस की भूमिका पर भी संदेह पैदा करती हैं।
पुलिस ने मामले को शांत कराने की कोशिश की और घटना के बाद एफआईआर दर्ज करने में छह घंटे से ज्यादा का समय लिया। पत्रकारों ने पुलिस की कार्रवाई की भी निंदा की है और मांग की है कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
