शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर जशपुर विधायक पर, प्रशासन पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप
जशपुर। जशपुर जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज जशपुर विधायक रायमुनी भगत शुक्रवार को सन्ना थाना क्षेत्र में धरने पर बैठ गईं। सैकड़ों कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ विधायक ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे को तत्काल हटाने की मांग की।
मामला सन्ना पेट्रोल पंप के पास स्थित एक बेशकीमती शासकीय भूमि का है, जहां अवैध कब्जा और निर्माण कार्य किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह विवाद बीते तीन महीनों से चला आ रहा है। इस मामले में बगीचा एसडीओ ने अनावेदक अशोक गुप्ता को निर्माण कार्य रोकने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, लेकिन आदेश के बावजूद निर्माण जारी रहा। प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज होकर विधायक स्वयं धरने पर बैठ गईं।
धरना स्थल पर विधायक रायमुनी भगत ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी भू-माफियाओं के खिलाफ नरमी बरत रहे हैं और सरकारी संपत्ति की रक्षा करने में असफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अवैध कब्जे पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, अनावेदक अशोक गुप्ता ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि विवादित भूमि उनकी निजी संपत्ति है और वह इसे किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। उनका कहना है कि जानबूझकर मामला तूल दिया जा रहा है।
विधायक के धरने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। तीन महीने से चल रहा यह जमीन विवाद अब राजनीतिक रूप ले चुका है, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
