छत्तीसगढ़ में सशस्त्र बल भर्ती 2026-27: 1816 पदों पर होगी नियुक्ति, हाईटेक सिस्टम से होगी पूरी प्रक्रिया

छत्तीसगढ़ में सशस्त्र बल भर्ती 2026-27

छत्तीसगढ़ में सशस्त्र बल भर्ती 2026-27

छत्तीसगढ़ में सशस्त्र बलों के लिए वर्ष 2026-27 में बड़ी भर्ती की तैयारी की जा रही है। इस दौरान कुल 1816 पदों को भरा जाएगा और अनुमान है कि इस भर्ती प्रक्रिया में 2 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल होंगे। खास बात यह है कि भर्ती को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इस पूरे सिस्टम को संभालने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सिंगल सॉल्यूशन प्रोवाइडर के चयन हेतु टेंडर जारी किया है।

किन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत कई अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें कांस्टेबल जीडी (ट्रेड्समैन), आर्म्स, एमटी, बैंड, डॉग स्क्वॉड, घुड़सवार, अस्तबल सहायक जैसे पद शामिल हैं। इसके अलावा हेड कांस्टेबल (नर्सिंग), सहायक प्लाटून कमांडर (नर्सिंग), पुरुष व महिला नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, नर्सिंग सहायक, कंपाउंडर और ड्रेसर जैसे पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।

सॉल्यूशन प्रोवाइडर की जिम्मेदारियां

भर्ती प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए चयनित सॉल्यूशन प्रोवाइडर कई अहम कार्य करेगा। इसमें उम्मीदवारों के ऑनलाइन आवेदन लेना और डेटा एंट्री करना शामिल है। शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के दौरान ऊंचाई और सीने का डिजिटल मापन किया जाएगा, साथ ही रिपोर्ट कार्ड भी मौके पर उपलब्ध कराया जाएगा।

शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) में दौड़ का समय मापने के लिए RFID तकनीक का इस्तेमाल होगा। इसके साथ ही सभी गतिविधियों की डिजिटल रिकॉर्डिंग और वीडियो मॉनिटरिंग भी की जाएगी। लंबी कूद, ऊंची कूद और शॉट-पुट जैसी प्रतियोगिताओं में भी डिजिटल सिस्टम से माप और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था रहेगी।

पांच भर्ती केंद्रों की योजना

भर्ती प्रक्रिया के लिए राज्य में पांच केंद्र बनाए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर रोजाना कम से कम 1000 उम्मीदवारों का परीक्षण किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ संभव न हो और कोई भी उम्मीदवार निर्धारित सीमा से अधिक प्रयास न कर सके।

लिखित परीक्षा की व्यवस्था

लिखित परीक्षा के लिए ओएमआर शीट का डिजाइन, प्रिंटिंग, स्कैनिंग और मूल्यांकन भी सॉल्यूशन प्रोवाइडर ही करेगा। इसके अलावा बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। चयन प्रक्रिया के हर चरण के अंक स्वतः मास्टर शीट में अपडेट होते रहेंगे।

रियल टाइम रिजल्ट और एडवांस टेक्नोलॉजी

भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों के परिणाम रियल टाइम में अपडेट किए जाएंगे। परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए OMR और OCR तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे फर्जी उम्मीदवारों और डुप्लीकेशन की समस्या खत्म होगी।

सॉफ्टवेयर और बायोमेट्रिक सिस्टम

पूरी भर्ती प्रक्रिया के लिए एक व्यापक सॉफ्टवेयर तैयार किया जाएगा, जिसमें डेटा एंट्री, रिजल्ट प्रोसेसिंग और निगरानी शामिल होगी। PST और PET के दौरान उम्मीदवारों की लाइव फोटो ली जाएगी और उसे आवेदन के समय अपलोड की गई फोटो से मिलाया जाएगा।

इसके अलावा उंगलियों के निशान और आइरिस स्कैन जैसी बायोमेट्रिक तकनीकों का भी उपयोग किया जाएगा। फोटो कैप्चर और तुलना के लिए भारत सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार क्लाउड-आधारित सेवाओं का इस्तेमाल किया जाएगा।

read more : जंग के बीच ट्रंप का बड़ा दावा: “ईरान ने की सीजफायर की डिमांड”, रखी सख्त शर्त

Youthwings