1 अप्रैल से महंगाई का बड़ा असर, दूध से बिजली तक बढ़े दाम

1 अप्रैल से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ आम लोगों की जेब पर महंगाई का डबल असर देखने को मिल रहा है। भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में कई जरूरी वस्तुएं और सेवाएं महंगी हो गई हैं, जिससे घर का बजट प्रभावित हो रहा है।

 

टीवी, एसी, दूध, बिजली, ब्रेड, डिटर्जेंट और साबुन जैसी रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसका सीधा असर मध्यम वर्ग और आम परिवारों के मासिक खर्च पर पड़ रहा है।

 

गर्मी की शुरुआत के साथ ही बिजली दरों में करीब 4.80 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है, जिससे आने वाले समय में बिजली बिल और ज्यादा बढ़ने की संभावना है।

 

टोल प्लाजा पर अब कैश भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया है और केवल ऑनलाइन पेमेंट या फास्टैग के जरिए ही भुगतान किया जा सकेगा। वहीं फास्टैग की कीमत भी बढ़ा दी गई है। बैंकिंग सेवाओं में भी बदलाव हुआ है, जिसमें एटीएम से मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा खत्म होने के बाद अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

 

खाद्य वस्तुओं में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। दूध के दाम में प्रति लीटर करीब 5 रुपये की वृद्धि हुई है, जबकि ब्रेड की कीमत 30 रुपये से बढ़कर 35 रुपये हो गई है। डिटर्जेंट और साबुन जैसी जरूरी चीजों के दाम भी बढ़े हैं। इसके अलावा लग्जरी सामान जैसे महंगी घड़ियों पर टैक्स बढ़ने से उनकी कीमतें भी बढ़ गई हैं।

 

इन सभी बदलावों से आम लोगों के खर्च में इजाफा होगा और उन्हें अपने बजट में बदलाव करना पड़ सकता है।

Youthwings