Anganwadi Workers Strike: सरकार के खिलाफ सड़क पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मानदेय बढ़ाने की मांग तेज

Anganwadi Workers Strike

Anganwadi Workers Strike

अंबिकापुर | Anganwadi Workers Strike: छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मानदेय बढ़ाने और लंबित मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर सरगुजा जिले में आज एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन और रैली निकाली गई। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।

सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका संघ का कहना है कि सरकार उनकी लंबित मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है। संघ का आरोप है कि कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बावजूद मानदेय बढ़ाने और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि सरकार की चुप्पी अब असहनीय हो चुकी है।

क्रमिक आंदोलन का ऐलान

संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा। संघ ने कहा कि सबसे पहले 10 दिन की हड़ताल की जाएगी। इसके बाद कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर ड्यूटी करेंगे। अगर फिर भी सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगी।

NHM कर्मियों की हड़ताल से बढ़ी सरकार की चिंता

गौरतलब है कि पहले से ही एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) के कर्मियों की हड़ताल ने सरकार की परेशानियां बढ़ा रखी हैं। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के आंदोलन ने सरकार पर दबाव और बढ़ा दिया है।

Youthwings