Anganwadi Bharti : आंगनबाड़ी भर्ती को हरी झंडी: 9,948 पदों पर जल्द शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया
Anganwadi Bharti
Anganwadi Bharti : मध्य प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 9,948 से अधिक पदों पर तत्काल भर्ती शुरू करने का आदेश दिया है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों के पोषण से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने विभाग को तीन साल की ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश में कुपोषण को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। साथ ही उन्होंने स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और लाडली लक्ष्मी योजना में ड्रॉपआउट मामलों की जांच के आदेश भी दिए।
100% ऑनलाइन, पारदर्शी भर्ती वाला देश का पहला राज्य बना MP
सीएम ने बताया कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने आंगनवाड़ी भर्ती को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी पोर्टल के माध्यम से संचालित किया है, जिससे चयन प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी या पक्षपात की गुंजाइश नहीं बचेगी।
बच्चों और महिलाओं के लिए बड़े फैसले
1. शहरों में मिलेगा गर्म पौष्टिक भोजन
2026 से सेंट्रल किचन मॉडल लागू किया जाएगा, जिसके जरिए शहरी आंगनवाड़ियों के बच्चों को गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
2. शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार
2047 विज़न के तहत ‘निपुण भारत मिशन’ आधारित विकास कार्ड लागू किया जाएगा।
3. लाड़ली लक्ष्मी योजना में विस्तार
34 लाख से ज्यादा बेटियों को छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
4. 9,000 नए आंगनवाड़ी भवन
अगले तीन साल में नए भवन निर्माण कर संरचना को मजबूत किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख उपलब्धियां
Anganwadi Bharti : पीएम मातृत्व वंदना योजना के तहत 9.70 लाख महिलाओं को 512 करोड़ की सहायता
लाड़ली बहना योजना में अब तक 36,778 करोड़ रुपये का वितरण
1.72 लाख महिलाओं को हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर से सहायता
8,637 बालिकाओं को प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण
12,670 आंगनवाड़ी केंद्र ‘सक्षम आंगनवाड़ी’ घोषित
