छत्तीसगढ़ सूचना आयोग को मिला नया नेतृत्व, Amitabh Jain बने मुख्य सूचना आयुक्त
Amitabh Jain: छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों की प्रक्रिया आखिरकार पूरी हो गई है। राज्य सरकार ने अहम पदों पर नई नियुक्तियों को लेकर औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अमिताभ जैन को राज्य का नया मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही दो अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों को राज्य सूचना आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी उमेश अग्रवाल और वरिष्ठ पत्रकार शिरीष चंद्र मिश्रा शामिल हैं। तीनों की नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है।
बताया जा रहा है कि मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्ति को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही थी, लेकिन एक मामले के न्यायालय में लंबित होने के कारण प्रक्रिया में देरी हुई। अब सभी औपचारिक अड़चनों के दूर होने के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन
इन नियुक्तियों को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने अधिसूचना जारी की है। नोटिफिकेशन के अनुसार, मुख्य सूचना आयुक्त और राज्य सूचना आयुक्तों का वेतन, भत्ते और सेवा शर्तें भारत सरकार द्वारा 24 अक्टूबर 2019 को अधिसूचित नियमों के तहत निर्धारित होंगी।
यह नियुक्तियां ‘सूचना का अधिकार (केंद्रीय सूचना आयोग और राज्य सूचना आयोगों के पद की शर्तें, वेतन, भत्ते और अन्य सेवा शर्तें) नियम, 2019’ के अनुरूप की गई हैं। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से और उनके आदेशानुसार जारी किया गया है।
