झूठ बोलो, जोर से बोलो, मगर राहुल जी… पुडुचेरी में भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर अमित शाह का जोरदार हमला
एक दिवसीय दौरे पर पुडुचेरी पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कराईकल के संथाई थिदल मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के किसानों और मछुआरों को भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर गुमराह कर रहे हैं और झूठ फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
‘किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा’
अमित शाह ने मंच से कहा, “राहुल जी, ट्रेड डील और FTA की बारीकियों को ध्यान से देखिए। मोदी जी ने देश के किसानों और पशुपालकों को 100% प्रोटेक्शन देने का काम किया है। इस FTA और ट्रेड डील से हमारे किसानों का कोई नुकसान नहीं होने वाला है।”
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री Manmohan Singh के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय किए गए कुछ वैश्विक समझौतों में किसानों के हितों की अनदेखी हुई थी।
2029 को लेकर बड़ा दावा
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी की नीति “झूठ बोलो, जोर से बोलो और बार-बार बोलो” की रही है, लेकिन देश की जनता इसे समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 2029 में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनेगी।
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और विशेष रूप से भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के प्रावधानों का सावधानीपूर्वक अध्ययन किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे किसानों, पशुपालकों और मछुआरों को लाभ होगा।
