Amit Shah Bihar Visit: सीतामढ़ी पहुंचे अमित शाह, माता जानकी मंदिर की आधारशिला रखी, कांग्रेस-RJD पर बोले – “घुसपैठिए इनके वोट बैंक हैं”
Amit Shah Bihar Visit
Amit Shah Bihar Visit: गृह मंत्री अमित शाह बिहार के सीतामढ़ी जिले में पुनौरा धाम पहुंचे, जहां उन्होंने माता जानकी मंदिर और उसके विस्तृत परिसर के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। यह मंदिर 882 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा और इसे 11 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई नेता मौजूद रहे।
शाह ने अपने संबोधन में मंदिर निर्माण को मिथिलांचल और बिहार के पुनर्जागरण की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर न सिर्फ श्रद्धा का केंद्र बनेगा बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए भी एक बड़ा आकर्षण होगा।
कांग्रेस-RJD पर बड़ा हमला: “घुसपैठिए इनके वोट बैंक हैं”
अमित शाह ने अपने भाषण में कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “भारत में जन्मे बिना किसी को वोट देने का अधिकार नहीं है। फिर भी कांग्रेस और RJD एनआरसी का विरोध कर रहे हैं क्योंकि घुसपैठिए इनके वोट बैंक हैं। राहुल गांधी संविधान की बातें करते हैं, लेकिन उन्हें पढ़ने की जरूरत है।”
“मैं बनिए का बेटा हूं, हिसाब लेकर आया हूं”
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास के लिए अब तक 83,000 करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव से सवाल किया कि उनके माता-पिता ने सत्ता में रहते हुए मिथिलांचल के लिए क्या किया। “गुंडागर्दी, अपहरण और फिरौती के अलावा कुछ नहीं किया गया,” शाह ने आरोप लगाया।
एनआरसी पर खुलकर बोले शाह, नेहरू का नाम भी लिया
अमित शाह ने कहा कि एनआरसी की प्रक्रिया कोई नई नहीं है और इसकी शुरुआत खुद नेहरू जी ने की थी। उन्होंने विपक्ष पर चुनाव हारने से पहले ही बहाने बनाने का आरोप लगाया।
आतंकवाद पर मोदी सरकार की नीति का किया जिक्र
शाह ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और RJD संसद में भी इन कार्रवाइयों का विरोध करते हैं।
“यह सिर्फ मंदिर नहीं, मिथिलांचल का भाग्योदय है”
शाह ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर 67 एकड़ में फैला होगा, जिसमें परिक्रमा पथ और अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
प्रशांत किशोर का तीखा सवाल
शाह के दौरे से पहले चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने हरियाणा में एक बिहारी मजदूर के साथ हुई घटना को लेकर हमला बोला। उन्होंने पूछा कि क्या अमित शाह बताएंगे कि हरियाणा सरकार ने अब तक क्या कार्रवाई की?
