नए विधानसभा भवन के आमंत्रण पत्र से मिनीमाता का नाम गायब होने पर अमित जोगी ने जताई नाराज़गी, विरोध में जलाया न्योता
रायपुर : नवा रायपुर में बने नए छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन के नाम को लेकर राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। भवन के उद्घाटन से पहले ही जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमित जोगी ने इस मुद्दे पर नाराज़गी जताई है।
मिनीमाता का नाम आमंत्रण पत्र से गायब
अमित जोगी ने आरोप लगाया है कि विधानसभा भवन के उद्घाटन समारोह के लिए जारी किए गए आमंत्रण पत्र में मिनीमाता का नाम शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल अपमानजनक है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सामाजिक और ऐतिहासिक विरासत के प्रति अनादर का प्रतीक भी है।
“अजीत जोगी सरकार ने विधानसभा का नाम मिनीमाता के नाम पर रखा था”
अमित जोगी ने कहा कि जब कांग्रेस सरकार के समय उनके पिता स्वर्गीय अजीत जोगी मुख्यमंत्री थे, तब छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का नाम मिनीमाता के नाम पर रखा गया था। मिनीमाता छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद थीं और समाज सुधार व दलित-आदिवासी उत्थान के लिए उन्होंने जीवन समर्पित किया था।
विरोध में जलाया आमंत्रण पत्र
अमित जोगी ने इस मुद्दे पर अपनी नाराज़गी प्रकट करते हुए विधानसभा भवन उद्घाटन का आमंत्रण पत्र सार्वजनिक रूप से जला दिया। उन्होंने कहा कि जब तक मिनी माता के नाम के साथ नया निमंत्रण नहीं छपता है तब तक हम इसका विरोध करते हैं ।

