Breaking News: अमित बघेल ने किया सरेंडर: कोर्ट में पेश, 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे गए
अमित बघेल ने किया सरेंडर
छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल को देवेंद्रनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उन्हें कोर्ट लेकर रवाना हुई। बघेल पर कुछ समय पहले सिंधी समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है, जिसके बाद उनके खिलाफ कई राज्यों में मामले दर्ज हुए थे।
कोर्ट में पेशी और पुलिस रिमांड
अमित बघेल को न्यायिक मजिस्ट्रेट जेनिफर लकड़ा की कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
रिमांड के दौरान पुलिस बघेल से पूछताछ करेगी।
इसके साथ ही अदालत ने अनुमति दी है कि पुलिस कस्टडी में रहते हुए भी अमित बघेल अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए उन्होंने औपचारिक रूप से आवेदन दिया था।
सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद बढ़ी मुश्किलें
बीते 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अमित बघेल को कड़ी फटकार लगाई थी। कोर्ट ने टिप्पणी की थी—
“अपनी जुबान पर लगाम रखें, जहां-जहां FIR दर्ज है, वहां की कानूनी प्रक्रिया का सामना करें।” सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया था।
12 राज्यों में दर्ज हैं मामले
24 नवंबर की सुनवाई में भी सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया था कि अदालत इस मामले में दखल नहीं देगी। कोर्ट ने कहा था कि पुलिस उन्हें अलग-अलग राज्यों में लेकर जाएगी और उन्हें “पूरे देश की सैर” करनी होगी।
अमित बघेल पिछले कई दिनों से फरार चल रहे थे और 12 राज्यों में FIR दर्ज होने के बाद उनकी तलाश तेज की गई थी। FIR को क्लब करने की मांग भी कोर्ट ने खारिज करते हुए कहा था— “पहले अपनी भाषा को नियंत्रित करें।”
