दुर्ग के सरकारी स्कूल में तंत्र-मंत्र : टेबल-कुर्सी जलाए, पंखा चोरी, बच्चों-शिक्षकों में दहशत

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के केलाबाड़ी स्थित सरकारी प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में एक बार फिर असामाजिक तत्वों द्वारा तंत्र-मंत्र जैसी क्रिया के साथ तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। अज्ञात लोगों ने स्कूल परिसर में घुसकर टेबल-कुर्सी में आग लगा दी, पंखे और लाइट चोरी कर लीं, जरूरी दस्तावेज नष्ट किए तथा क्लासरूम के दरवाजे पर अश्लील गालियां लिख दीं। क्लासरूम के बाहर चुनरी, माला, गोबर-मिट्टी से तांत्रिक निशान बनाए गए और सिंदूर का छिड़काव किया गया, जिससे बच्चों और शिक्षकों में भय का माहौल बन गया है।

 

स्कूल दुर्ग शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाके में स्थित है, जहां कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई होती है और लगभग 130 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। वार्षिक परीक्षा की तैयारी के बीच यह घटना हुई है। स्कूल की प्राचार्या शमा बेगम ने पद्मनाभपुर थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने चोरी एवं तोड़फोड़ का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शिक्षा विभाग की ओर से भी जांच की जा रही है।

 

पुलिस जांच में पता चला है कि चोरों ने स्कूल की बाउंड्री तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बिजली के बोर्ड तथा केबल भी क्षतिग्रस्त किए ताकि आवाजाही आसान हो सके। घटना से पहले भी एक सप्ताह पूर्व इसी स्कूल में तंत्र-मंत्र जैसे निशान बनाए गए थे।

 

यह पहली ऐसी घटना नहीं है। कुछ समय पहले दुर्ग जिले के बोरसी सरकारी स्कूल में भी तंत्र-मंत्र कर कोयल की बलि दी गई थी और तांत्रिक आकृतियां बनाई गई थीं, जिससे वहां भी भय का वातावरण बना था। अब सवाल उठ रहा है कि सरकारी स्कूलों में बार-बार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं और इनके पीछे का मकसद क्या है।

 

प्रशासन ने जांच तेज कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इस घटना से स्थानीय अभिभावक और शिक्षक चिंतित हैं, क्योंकि इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Youthwings