प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण का आरोप, मंदिर के पास मांस पकाने की सूचना से मचा हंगामा

बिलासपुर। जिले के चुचुहियापारा स्थित गणेश नगर में प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण के आरोप से विवाद खड़ा हो गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंदिर के पास आयोजित इस सभा में गरीब और भोले-भाले लोगों को भोजन व उपहार का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की जा रही थी।

हिंदू संगठनों का दावा है कि सभा स्थल के पास मांसाहारी भोजन भी पकाया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रार्थना सभा को तत्काल बंद कराया।

पुलिस ने पास्टर समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पास्टर जांजगीर-चांपा जिले का निवासी है, जबकि दूसरा आरोपी बिलासपुर का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सभा में करीब 150 से 200 लोग मौजूद थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings