जम्मू कश्मीर में जब्त हुई Akshay Kumar की कार, जानिए क्या है मामला…
जम्मू. ट्रैफिक पुलिस ने बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार की कार को कानूनी सीमा से अधिक काले शीशे लगाए जाने के कारण जब्त कर लिया है. यह गाड़ी हाल ही में जम्मू में आयोजित एक पब्लिक इवेंट के लिए इस्तेमाल की गई थी.
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के बाद अक्षय कुमार को एसयूवी से जम्मू हवाई अड्डे ले जाया गया था, जहां से उन्हें मुंबई लौटना था. एयरपोर्ट छोड़ने के बाद जब यह गाड़ी वापस लौट रही थी, तभी ट्रैफिक पुलिस ने डोगरा चौक पर इसे रोका. जांच में पाया गया कि गाड़ी में तय मानकों से अधिक काले शीशे लगे हैं, जिसके बाद इसे जब्त कर लिया गया. फिलहाल अक्षय कुमार की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

ट्रैफिक एसएसपी का बयान
जम्मू शहर के एसएसपी ट्रैफिक फारूक कैसर ने कहा, “कानून सबके लिए समान है. नियमित जांच के दौरान गाड़ी में तय सीमा से अधिक काले शीशे पाए गए, जिसके बाद गाड़ी जब्त की गई है और उचित कार्रवाई की जाएगी.”
भारत में वाहनों पर काले शीशों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं है, लेकिन इसके लिए स्पष्ट मानक हैं. नियम के अनुसार, कार के फ्रंट और बैक ग्लास में कम से कम 70% विजिबिलिटी और साइड शीशों में कम से कम 50% विजिबिलिटी होनी चाहिए.
वर्कफ्रंट
अक्षय कुमार जल्द ही मोस्ट अवेटेड कोर्टरूम ड्रामा जॉली एलएलबी 3 में नजर आएंगे. हाल ही में इसका टीज़र रिलीज हुआ है. फिल्म में उनके साथ अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसके अलावा अक्षय कुमार की आने वाली फिल्मों में भूत बंगला और हेरा-फेरी 3 भी शामिल हैं.
