Air Fare Hike: दिवाली के बाद बढ़ा हवाई किराया, रायपुर से दिल्ली-बेंगलुरु का रिटर्न टिकट 15 हजार के पार

रायपुर। Air Fare Hike: दिवाली के बाद हवाई यात्रियों को झटका लगा है। रायपुर से विभिन्न बड़े शहरों के लिए फ्लाइट का रिटर्न टिकट अब महंगा हो गया है। छुट्टियों के बाद लोगों की वापसी शुरू होने से एयर फेयर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। खासकर दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे और इंदौर जैसे शहरों का किराया 15 हजार रुपये से ऊपर पहुंच गया है।

छुट्टी मनाकर लौटने वालों से बढ़ी डिमांड

दिवाली से पहले जहां रायपुर आने वाली फ्लाइट्स का किराया महंगा था, वहीं अब रायपुर से बाहर जाने वालों की संख्या बढ़ने के कारण वापसी टिकट की कीमतें आसमान छू रही हैं। त्योहारों के बाद लोग अब अपने कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं। इस बीच उत्तर भारत में छठ पूजा का पर्व भी शुरू हो चुका है, जिससे उत्तर दिशा की उड़ानों की डिमांड और ज्यादा बढ़ गई है।

ट्रेनों में भीड़, लोग फ्लाइट का ले रहे सहारा

छठ पूजा के लिए ट्रेनों में सीटें फुल हैं और भीड़ के चलते कई लोग अब फ्लाइट के जरिए सफर करना पसंद कर रहे हैं। रायपुर से प्रयागराज, लखनऊ, दिल्ली और पटना जैसे शहरों की फ्लाइट्स में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से इन मार्गों पर किराए में 20 से 40 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

10 हजार से शुरू होकर 17 हजार तक पहुंचा किराया

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से रवाना होने वाली ज्यादातर उड़ानों का न्यूनतम किराया अब 10 हजार रुपये से शुरू हो रहा है। कुछ सेक्टरों में यह 15 से 17 हजार रुपये तक जा पहुंचा है।

ट्रैवल एजेंट्स के अनुसार रायपुर से —

  • दिल्ली: 11 से 17 हजार रुपये
  • बेंगलुरु: करीब 16 हजार रुपये
  • पुणे: लगभग 15 हजार रुपये
  • हैदराबाद: 14 से 17 हजार रुपये
  • इंदौर: 12 से 14 हजार रुपये
  • कोलकाता: 10 हजार रुपये
  • प्रयागराज और लखनऊ: 10 से 12 हजार रुपये

ट्रैवल एजेंट बोले – 8 से 10 दिन तक महंगा रहेगा फेयर

ट्रैवल कारोबारियों का कहना है कि त्योहार के बाद एयर फेयर अगले 8 से 10 दिनों तक ऊंचा रहने की संभावना है। जिन शहरों में सीमित फ्लाइटें संचालित होती हैं, वहां का किराया और भी ज्यादा बढ़ा हुआ है।

कम फ्लाइट, ज्यादा मांग — बढ़ा किराया

विशेषज्ञों के अनुसार इस समय कई रूट्स पर एयरलाइंस ने सीमित उड़ानें शुरू की हैं। सीटें कम और यात्री ज्यादा होने के कारण किराए में बढ़ोतरी देखी जा रही है। जैसे ही ट्रैफिक सामान्य होगा, फेयर दोबारा घटने की उम्मीद है।

Youthwings