Ahmedabad Plane Crash: लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश, मेघानीनगर में गिरा मलबा

Ahmedabad Plane Crash

Ahmedabad Plane Crash

अहमदाबाद। Ahmedabad Plane Crash: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां एयर इंडिया का एक अंतरराष्ट्रीय विमान टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद क्रैश हो गया। यह विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भर रहा था, लेकिन उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद यह शहर के मेघानीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि जैसे ही विमान ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी, वैसे ही कुछ तकनीकी खामी के चलते वह अनियंत्रित हो गया और एयरपोर्ट से लगभग 15 किलोमीटर दूर मेघानीनगर क्षेत्र में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और इलाके में अफरातफरी मच गई।

मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें, फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर तैनात कर दी गई हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे में कितने लोगों की जान गई है या कितने लोग घायल हुए हैं।

यात्रियों और चालक दल की स्थिति पर आधिकारिक पुष्टि बाकी

इस विमान में कितने यात्री सवार थे और कितने क्रू मेंबर मौजूद थे, इसकी पुष्टि फिलहाल आधिकारिक रूप से नहीं हुई है। हालांकि एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, यह एक शेड्यूल्ड इंटरनेशनल फ्लाइट थी जिसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। राहत एवं बचाव दल मौके पर हर संभावित प्रयास कर रहा है ताकि जीवित बचे लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।

जांच के आदेश, DGCA की टीम रवाना

विमान हादसे की गंभीरता को देखते हुए डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। दिल्ली से एक तकनीकी विशेषज्ञों की टीम अहमदाबाद के लिए रवाना कर दी गई है जो विमान के ब्लैक बॉक्स, फ्लाइट रिकॉर्डिंग और तकनीकी पहलुओं की गहन जांच करेगी।

स्थानीय लोगों में दहशत

विमान जिस इलाके में गिरा, वह एक रिहायशी क्षेत्र है। इस वजह से वहां रहने वाले लोगों में जबरदस्त दहशत फैल गई है। कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने आसपास के इलाकों को खाली करा दिया है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।

Youthwings