छत्तीसगढ़ में अग्निवीर भर्ती रैली 2026, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि भारतीय सेना की राज्य स्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली 2026 का आयोजन इस वर्ष धमतरी में किया जा रहा है। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) रायपुर के तत्वावधान में यह भर्ती रैली 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब, धमतरी में आयोजित की जाएगी।

 

इस राज्य स्तरीय भर्ती रैली में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के कुल 8,999 पुरुष अग्निवीर अभ्यर्थी भाग लेंगे। रैली के आयोजन से धमतरी जिला प्रदेशभर के युवाओं के लिए भारतीय सेना में सेवा का प्रमुख केंद्र बन गया है।

 

निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर और युवाओं का उत्साह

अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर जिले के युवा युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं। रोजाना इंडोर स्टेडियम में शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है, जिसमें अनुभवी प्रशिक्षक युवाओं को दौड़, झटका, पुल-अप्स, लंबी कूद और अन्य शारीरिक परीक्षाओं के लिए तैयार कर रहे हैं। यह निःशुल्क प्रशिक्षण अभ्यर्थियों के लिए बहुत उपयोगी साबित हो रहा है।

 

जिलावार भर्ती कार्यक्रम (10 से 19 जनवरी तक)

सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा 10 जनवरी से 19 जनवरी 2026 तक जिलावार कॉल-अप आधारित भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। कॉल-अप सूची पहले ही जारी की जा चुकी है। जिलावार निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है…

10 जनवरी: सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर, बलरामपुर एवं जीपीएम

11 जनवरी: बीजापुर, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा एवं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर

12 जनवरी: बालोद

13 जनवरी: बालोद, बस्तर, नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं रायपुर

14 जनवरी: जांजगीर-चांपा एवं कबीरधाम

15 जनवरी: बिलासपुर एवं सक्ती

16 जनवरी: रायगढ़, कोरबा, बालोदाबाजार, महासमुंद एवं गरियाबंद

17 जनवरी: खैरागढ़ एवं दुर्ग

18 जनवरी: दंतेवाड़ा, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, राजनांदगांव एवं मुंगेली

19 जनवरी: धमतरी एवं बेमेतरा

 

सीईई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए प्रक्रिया

यह भर्ती रैली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में सफल अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। सेना द्वारा 30 जून से 10 जुलाई 2025 तक आयोजित सीईई में उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस रैली में शारीरिक दक्षता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य चयन प्रक्रियाओं में भाग लेंगे। योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड Join Indian Army वेबसाइट पर उपलब्ध हैं तथा ई-मेल के माध्यम से भी प्रेषित किए गए हैं।

 

अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दस्तावेज

अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में अंकित तिथि एवं समय पर इंडोर स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। साथ लाने वाले प्रमुख दस्तावेज इस प्रकार हैं..

रैली एडमिट कार्ड

8वीं, 10वीं, 12वीं एवं स्नातक (यदि लागू) की अंकसूचियां

स्थानीय निवास एवं जाति प्रमाण पत्र

शपथ पत्र

एनसीसी/खेल/आईटीआई/ड्राइविंग लाइसेंस (यदि लागू हो)

रिलेशनशिप सर्टिफिकेट

आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर

 

परिवहन किराया निर्धारित, दलालों से सावधान रहें

राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले युवाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए निर्धारित किराया दरें तय की गई हैं…

बस स्टैंड से इंडोर स्टेडियम, आमातालाब: ₹20 प्रति सवारी

घड़ी चौक से इंडोर स्टेडियम: ₹20 प्रति सवारी

अंबेडकर चौक से इंडोर स्टेडियम: ₹10 प्रति सवारी

 

जिला परिवहन अधिकारी मुजाहिद खान ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे दलालों से सावधान रहें, क्योंकि भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं योग्यता आधारित है।

 

सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम

जिला प्रशासन द्वारा भर्ती रैली के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इंडोर स्टेडियम के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। चिकित्सा टीम 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।

 

राज्य स्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली के आयोजन से धमतरी जिला न केवल प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है, बल्कि प्रदेश के हजारों युवाओं के राष्ट्रसेवा के सपनों को नई दिशा भी दे रहा है। यह रैली छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का सुनहरा अवसर है।

Youthwings