कर्रेगुट्‌टा ऑपरेशन में सफलता के बाद बीजापुर पहुंचे CM विष्णु देव साय, जवानों से की मुलाकात – कहा, 2026 तक नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ का सपना होगा साकार

बीजापुर। कर्रेगुट्‌टा की पहाड़ियों में हाल ही में चले एंटी-नक्सल ऑपरेशन की बड़ी सफलता के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को बीजापुर जिले के गलगम पहुंचे। यहां उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की और उनके अदम्य साहस की सराहना की। सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ को मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त बनाने का संकल्प जल्द ही पूरा होगा।

गर्मजोशी से हुआ स्वागत, अफसर भी रहे मौजूद

गलगम हैलीपैड पर सीएम साय का स्वागत जिला प्रशासन, पुलिस, और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। उनके साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी मौजूद थे।

जवानों से संवाद, साहस को किया सलाम

सीएम साय ने जवानों के साथ संवाद की शुरुआत “भारत माता की जय” और “छत्तीसगढ़ महतारी की जय” के नारों से की। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार को डेढ़ साल हुआ है और इस अवधि में हमने सुशासन और सुरक्षा दोनों पर जोर दिया है। बस्तर के जवान 44 डिग्री तापमान में भी ऑपरेशन चला रहे हैं – यह साहस और समर्पण की मिसाल है।”

“सुरक्षा कैंप, अब सुविधा कैंप बन गए हैं”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सुरक्षा कैंप को ‘सुविधा कैंप’ मानती है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार बनने के बाद सबसे पहला सुरक्षा कैंप मूलेर में खोला गया था, जिससे अब राशन, बिजली, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाएं और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं वहां तक पहुंच चुकी हैं।

“बस्तर में बदल रही है तस्वीर”

सीएम साय ने कहा कि बस्तर के लोगों से संवाद और भरोसे का रिश्ता मजबूत हो रहा है। नियद नेल्ला नार जैसे अभियानों ने सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास कायम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक सफलताएं मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह दौरा सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि जवानों का मनोबल बढ़ाने और नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि सरकार का फोकस सिर्फ ऑपरेशन नहीं, बल्कि बस्तर के हर कोने तक विकास पहुंचाना भी है।

Youthwings