Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान में भूकंप का कहर, 20 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल, दिल्ली-NCR तक हिली धरती

Afghanistan Earthquake

Afghanistan Earthquake

Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान में रविवार देर रात तेज भूकंप के झटकों से भारी तबाही मची। रिक्टर पैमाने पर 6.3 तीव्रता के इस भूकंप ने अफगानिस्तान समेत पाकिस्तान और भारत तक धरती को हिला दिया। झटके दिल्ली-NCR तक महसूस किए गए। अब तक मिली जानकारी के अनुसार अफगानिस्तान में 20 लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कई घर मलबे में तब्दील हो गए हैं और राहत-बचाव कार्यों में देरी की वजह से मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 160 किलोमीटर नीचे था। इसके झटके पाकिस्तान के इस्लामाबाद और एबटाबाद तक महसूस किए गए। भारतीय समयानुसार रात 12:47 बजे यह भूकंप दर्ज हुआ। इसके बाद लगातार आफ्टरशॉक्स आते रहे जिनकी तीव्रता 4.3, 4.7 और 5.0 रही।

भूकंप से दहशत का माहौल
अचानक आए तेज झटकों से लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरी रात दहशत में रहे। शुरुआती जानकारी में अफगानिस्तान के नांगरहार जन स्वास्थ्य विभाग ने 9 मौतों की पुष्टि की थी, लेकिन बाद में यह आंकड़ा बढ़कर 20 तक पहुँच गया। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है।

तालिबान सरकार और स्थानीय प्रशासन की प्रतिक्रिया
तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्वी प्रांतों में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। वहीं, आसपास के प्रांतों से भी रेस्क्यू टीमें प्रभावित इलाकों में भेजी जा रही हैं।

खेल जगत से संवेदनाएँ
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने ट्वीट कर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा – “अफ़ग़ानिस्तान के कुनार में आए भूकंप से बेहद दुखी हूँ। मेरी दुआएँ पीड़ित परिवारों के साथ हैं। अल्लाह शहीदों को जन्नत, घायलों को सेहत और प्रभावित लोगों को हिम्मत दे।”

पिछले साल भी आई थी भीषण त्रासदी
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को भी अफगानिस्तान में विनाशकारी भूकंप आया था। उस दौरान तालिबान सरकार ने करीब 4 हजार मौतों का दावा किया था जबकि संयुक्त राष्ट्र ने 1500 लोगों की मौत की पुष्टि की थी।

Youthwings