VIP रोड में देर रात तक खुला रहा क्लब, पुलिस ने मैनेजर को किया गिरफ्तार
रायपुर में कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद पुलिस देर रात तक खुले होटल, ढाबा, बार, कैफे, पब और क्लबों पर लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में वीआईपी रोड स्थित Club Mithya के मैनेजर को निर्धारित समय के बाद संचालन करने पर गिरफ्तार किया गया है। साथ ही संस्थान के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
रात 12 बजे तक बंद करने के निर्देश
कमिश्नरेट लागू होने के बाद प्रशासन ने होटल, बार, पब और क्लब संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी प्रतिष्ठान रात्रि 12 बजे तक अनिवार्य रूप से बंद किए जाएं।
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में नियमित रात्री चेकिंग के दौरान 15 फरवरी की रात करीब 12:50 बजे क्लब मिथ्या संचालित पाया गया।
मैनेजर गिरफ्तार, लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई
मौके पर मौजूद मैनेजर फैकी महु (29), निवासी विशाल नगर, तेलीबांधा को नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर प्रतिबंधात्मक धाराओं 170/125, 135, 3(1) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बार-बार नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए क्लब के गुमाश्ता लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दिया है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
बताया जा रहा है कि 1 फरवरी को भी चेकिंग के दौरान क्लब मिथ्या निर्धारित समय से अधिक संचालित पाया गया था, जिस पर पहले ही लाइसेंस निरस्तीकरण का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
