Chawal Wale Baba: दुष्कर्म मामले में जेल में बंद ‘चावल वाले बाबा’ को गुपचुप तरीके से लाया गया रायपुर, जानिए क्या है वजह?
महासमुंद सेंट्रल जेल में बिगड़ी बाबा की तबीयत, सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच रायपुर केंद्रीय जेल लाया गया
रायपुर। दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में कैद ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से मशहूर आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया। सूमो गाड़ी में सवार आरोपी बाबा को पहले रायपुर केंद्रीय जेल में लाया गया है, जहां से उन्हें उपचार के लिए मेकाहारा ले जाया जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नरेंद्र नयन शास्त्री को महासमुंद जेल से सूमो गाड़ी नंबर CG 02 5072 में रायपुर लाया गया। इस दौरान फालो गाड़ी के तौर पर CG 03 A 0715 साथ में चल रही थी। शास्त्री को सोनोग्राफी के लिए मेकाहारा ले जाया जाएगा, और रिपोर्ट आने के बाद उन्हें वापस महासमुंद जेल ले जाया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना में एक महिला ने चर्चित कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों को सही पाते हुए बागबाहरा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की गंभीर धाराओं 376(2)(ज), 376(2)(एन) और 376(2)(एम) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री को रायपुर जिले के सिलयारी से गिरफ्तार किया था।
तबीयत बिगड़ने के बाद रायपुर लाया गया
बताया जा रहा है कि महासमुंद केंद्रीय जेल में भर्ती रहने के दौरान बाबा की तबीयत बिगड़ी है, जिसके बाद महासमुंद पुलिस की एक विशेष टीम बाबा की सामाजिक व सार्वजनिक पहचान को देखते हुए बेहद सतर्कता के साथ उन्हें रायपुर केंद्रीय जेल में लेकर पहुंची है, जहां कागजी कार्रवाई को पूरा करने के बाद उपचार के लिए मेकाहारा ले जाया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी बाबा को बिना किसी हंगामे के और गोपनीयता बनाए रखते हुए रायपुर लाया गया। इलाज के दौरान भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कौन हैं चावल वाले बाबा?
गिरफ्तार आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री मूल रूप से रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र का रहने वाला है। वह लंबे समय से अपनी कथावाचन और ज्योतिष विधा को लेकर सुर्खियों में रहा है। आम जनता और श्रद्धालुओं के बीच उसकी पहचान ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ के रूप में रही है, जिसके चलते उसके आश्रम और कार्यक्रमों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ती थी।
दुष्कर्म से जुड़े सवाल पर बाबा ने स्पष्ट कुछ भी कहने से इंकार करते हुए कहा कि “हो सकता है यह मेरे खिलाफ साजिश हो।” हालांकि, पुलिस ने उनके खिलाफ पर्याप्त सबूतों के आधार पर मामला दर्ज किया है। फिलहाल, बाबा को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
यह एक बार फिर आम लोगों की अंधभक्ति और ऐसे झोलाछाप बाबाओं के वास्तविक चेहरे को उजागर करता है। फिलहाल, बाबा का इलाज चल रहा है और जांच जारी है।

