मां दंतेश्वरी मंदिर चोरी कांड का खुलासा, ओडिशा से आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर । जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर में हुए आभूषण चोरी मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बस्तर पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते इस हाई-प्रोफाइल मामले की गुत्थी सुलझाई गई।
आरोपी की पहचान मोनू यादव पिता मंगल यादव निवासी कोसमी (ओडिशा) के रूप में हुई है। उसका ससुराल फ्रेजरपुर क्षेत्र में बताया जा रहा है। घटना वाले दिन मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और साइबर सेल की जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। सुराग मिलने के बाद टीम ने ओडिशा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और चोरी गया सामान बरामद कर लिया।
जांच के दौरान चौंकाने वाली बात सामने आई कि सरस्वती माता की प्रतिमा और नारायण मूर्ति से चोरी की गई चैन असली सोने की नहीं बल्कि नकली थी। इसी कारण आरोपी उन्हें बेच नहीं पाया और ओडिशा में जाकर छिप गया। बोधघाट थाना, कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई से आरोपी को पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक मोनू यादव आदतन अपराधी है। वर्ष 2024 में वह गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद वह मार्केल सिवनागुड़ा आवास प्लाट पारा क्षेत्र में रह रहा था।
