रिश्वत लेते अकाउंटेंट रंगे हाथ गिरफ्तार, सीएमओ भी हिरासत में
मनेंद्रगढ़। नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में रिश्वतखोरी के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अकाउंटेंट को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान सीएमओ को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार से बिल पास कराने के एवज में सीएमओ इसहाक खान ने 53,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 20,000 रुपये की पहली किश्त पहले ही दी जा चुकी थी। बाकी 33,000 रुपये देने के लिए ठेकेदार सीएमओ के घर पहुंचा।
बताया जा रहा है कि सीएमओ के निर्देश पर ठेकेदार ने यह राशि नगर पालिका के अकाउंटेंट सुशील भगत को सौंपी। जैसे ही अकाउंटेंट ने पैसे लिए, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी ने अकाउंटेंट सुशील भगत को गिरफ्तार कर लिया, वहीं सीएमओ इसहाक खान को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

