स्कूल में छात्र को पेड़ से लटकाने के विरोध में हंगामा: ABVP कार्यकर्ताओं पर सरकारी संपत्ति तोड़ने का आरोप, 50 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
ABVP कार्यकर्ताओं पर सरकारी संपत्ति तोड़ने का आरोप
सूरजपुर जिले में रामानुजनगर के एक निजी स्कूल में केजी-टू के छात्र को होमवर्क न करने पर पेड़ से लटकाने की घटना के विरोध ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। शुक्रवार को इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देने कलेक्टोरेट पहुंचे थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टोरेट का मुख्य द्वार तोड़ दिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलने पर एसडीएम शिवानी जायसवाल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के आक्रामक रवैये पर नाराजगी जताई और कड़ी फटकार लगाई। एसडीएम ने कहा कि विरोध करने का अधिकार है, परंतु उसका एक सही तरीका होना चाहिए। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने इसे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुँचाने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और भय का माहौल बनाने की गंभीर घटना बताया।
डीईओ की शिकायत पर FIR दर्ज
जिला शिक्षा अधिकारी की लिखित शिकायत पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने ABVP के जिला संयोजक विकास ठाकुर सहित एक नामजद और लगभग 50 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टोरेट परिसर में अवैध प्रवेश किया और सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ निम्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है—
बीएनएस की धारा 190, 191
सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3
ये धाराएँ सरकारी कामकाज में बाधा डालने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित अपराधों को कवर करती हैं।
