सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास भुगत रहे कैदी ने की आत्महत्या की कोशिश, जेल में हंसिया पहुंचने पर उठे सवाल

सेंट्रल जेल

सेंट्रल जेल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सेंट्रल जेल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी ने जेल परिसर के भीतर आत्महत्या करने का प्रयास किया।

जानकारी के मुताबिक, कैदी ने हंसिया से अपना गला रेत लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। घायल कैदी को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि आत्महत्या का प्रयास करने वाला कैदी विकास कश्यप पारिवारिक विवाद के चलते अपनी दादी की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।

जेल में हंसिया पहुंचने पर उठे सवाल, जांच में जुटी पुलिस

यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल के भीतर प्रतिबंधित वस्तु हंसिया कैदी तक कैसे पहुंची। इस पहलू की भी गहन जांच की जा रही है।

बलौदाबाजार में पुलिया से लटकता मिला युवक का शव

वहीं दूसरी ओर, बलौदाबाजार जिला के गिद्धपुरी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पुलिया से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना जुनवानी से चिखली जाने वाले मार्ग पर स्थित एक पुलिया की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, युवक ने गमछे के सहारे पुलिया की रेलिंग से फांसी लगाकर आत्महत्या की। घटना 12 फरवरी, बुधवार रात की बताई जा रही है। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

read more : फिर जलेगा बांग्लादेश ? इधर तारिक रहमान ने ली शपथ, उधर जमात ने दे खुली धमकी 

मृतक की पहचान, कारण अब भी अज्ञात

शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद उसकी शिनाख्त हो गई। मृतक की पहचान टिकेश्वर उर्फ गोलू कुमार टंडन (30 वर्ष), पिता देहरू टंडन, निवासी ग्राम धराशिव, थाना लवन के रूप में हुई है।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

Youthwings