प्रसूता महिला का नग्न वीडियो किया गया वायरल, शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की FIR

गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही। जिला अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक प्रसूता महिला का नग्न वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना के सामने आते ही अस्पताल प्रबंधन ने जांच के आदेश दिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। पीड़िता के पति ने गौरेला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने बताया कि मरवाही निवासी शेख सलीम नामक व्यक्ति ने यह वीडियो एक व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किया था। शिकायत पर पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट की धारा 66 और 67A के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो बनाने और फैलाने में कौन-कौन शामिल है।

अस्पताल प्रशासन की सख़्त प्रतिक्रिया

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो में डिजिटल घड़ी और दिनांक साफ नजर आ रहे हैं, जिसके आधार पर उस दिन ऑपरेशन थियेटर में मौजूद सभी डॉक्टरों और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है।
डॉ. पैकरा ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन थियेटर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित है, इसलिए प्राथमिक दृष्टि में यह काम अस्पताल के ही किसी कर्मचारी का लग रहा है। उन्होंने कहा, “बिना अनुमति के वीडियो बनाना और उसे वायरल करना गंभीर अपराध है। दोषियों की पहचान होते ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

निजता का गंभीर उल्लंघन

चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि ऑपरेशन थियेटर में वीडियो बनाना न केवल अस्पताल के नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह रोगी की निजता और मानवाधिकारों पर भी सीधा प्रहार है। यही वजह है कि इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सोशल मीडिया पर लोग इस शर्मनाक घटना की निंदा कर रहे हैं और आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होते ही दोषियों को कानून के तहत कठोर दंड दिया जाएगा।

Youthwings