बीजापुर मुठभेड़ में 16 लाख के दो इनामी नक्सली ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बासागुड़ा और गंगालूर थाना क्षेत्र की सीमा पर शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों की पहचान हिड़मा पोडियम और मुन्ना मड़कम के रूप में हुई है, जिन पर 8-8 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
दोनों नक्सलियों पर था भारी इनाम
मारे गए नक्सलियों में 34 वर्षीय हिड़मा पोडियम पीपीसीएम कंपनी नंबर-02 का सक्रिय सदस्य था। उस पर राज्य सरकार ने 8 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। वहीं 25 वर्षीय मुन्ना मड़कम नंबर-01 कंपनी का सदस्य था और उस पर भी 8 लाख रुपए का इनाम था।
मुठभेड़ स्थल से हथियार और विस्फोटक बरामद
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की तलाशी ली, जिसमें दो माओवादियों के शव के अलावा 1 नग .303 रायफल, 1 नग 12 बोर बंदूक, 4 जिंदा राउंड, बैटरी, कार्डेक्स वायर, स्कैनर सेट और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
सुरक्षा बलों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी नक्सलियों की गतिविधि को देखते हुए सर्च ऑपरेशन जारी है।

