मितानिनों का आंदोलन स्थगित: प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी का रास्ता साफ, स्वास्थ्य सचिव से बातचीत के बाद लिया फैसला…

मितानिनों का आंदोलन स्थगित

मितानिनों का आंदोलन स्थगित

रायपुर — छत्तीसगढ़ में मितानिनों और प्रशिक्षकों से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक पहल हुई है। मंगलवार को प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ और प्रशिक्षक कल्याण संघ के प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया से मुलाकात की। बैठक में मितानिनों की प्रोत्साहन राशि में 50% बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जा चुका है।

प्रशिक्षकों और अन्य कर्मियों के लिए भी तय हो सकते हैं नए मानदेय

प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में यह भी बताया गया कि आरओपी के तहत प्रशिक्षकों को 16 रुपये प्रतिदिन, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर को 23 रुपये प्रतिदिन, और ब्लॉक समन्वयकों को 1875 रुपये प्रतिमाह देने के प्रस्ताव पर भी विचार चल रहा है। इस दिशा में भी निर्णय जल्द होने की उम्मीद है।

SHSRC के ज़रिए मितानिन कार्यक्रम होगा संचालित

बैठक में जानकारी दी गई कि पहले जो संस्था मितानिन कार्यक्रम का संचालन करती थी, उसका कार्यकाल समाप्त हो गया है। अब यह कार्यक्रम भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार गठित छत्तीसगढ़ राज्य स्वास्थ्य संसाधन केंद्र (SHSRC) के माध्यम से संचालित किया जाएगा। संस्था की सामान्य सभा का अध्यक्ष स्वास्थ्य सचिव और कार्यकारी समिति का अध्यक्ष स्वास्थ्य आयुक्त होंगे।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी और संघ प्रतिनिधि शामिल

इस अवसर पर आयुक्त एवं मिशन संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला, मितानिन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अजय शंकर कन्नौजे तथा मितानिन संघ के प्रदेश प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संघ ने चर्चा के बाद आशा जताई कि जल्द ही सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय देखने को मिलेगा।

Youthwings