बीजेपी नेता ने कार की बोनट पर केक रखकर तलवार से काटा, होगी कार्रवाई!

कोरबा – छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बीजेपी नेता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वे तलवार से केक काटते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में दिख रहे नेता की पहचान बद्री अग्रवाल के रूप में हुई है, जो भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हैं। अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है, और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

तलवार से केक काटकर मनाया जन्मदिन

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले बद्री अग्रवाल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर अपने साथियों के साथ एक सड़क पर खड़ी कार की बोनट पर केक रखा, और फिर तलवार से केक काटते हुए जन्मदिन मनाया। इस दौरान उनका एक साथी यह सब वीडियो में रिकॉर्ड करता रहा, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

कांग्रेस ने साधा निशाना

वायरल वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी नेता खुलेआम कानून का उल्लंघन कर रहे हैं और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार दिखा रहे हैं। कांग्रेस ने बद्री अग्रवाल पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि “ऐसे नेताओं पर कठोर कानूनी कार्रवाई जरूरी है।”

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

कोरबा पुलिस ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। कोरबा के सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान बद्री अग्रवाल के रूप में हो चुकी है।

सीएसपी भूषण एक्का ने कहा – “वीडियो के आधार पर बद्री अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

सोशल मीडिया पर मचा बवाल

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर नेता की आलोचना शुरू हो गई है। कई यूजर्स ने इसे सार्वजनिक स्थान पर असलहा प्रदर्शन मानते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

Youthwings