Robotic Surgery in AIIMS Raipur: AIIMS रायपुर में शुरू हुई रोबोटिक सर्जरी, सीएम विष्णु देव साय ने किया ‘देव हस्त’ सिस्टम का शुभारंभ

Robotic Surgery in AIIMS Raipur

Robotic Surgery in AIIMS Raipur

Robotic Surgery in AIIMS Raipur: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में शनिवार को ऐतिहासिक कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एम्स (AIIMS) रायपुर में प्रदेश के पहले रोबोटिक सर्जरी सिस्टम का शुभारंभ किया। इस अत्याधुनिक सिस्टम को ‘देव हस्त’ नाम दिया गया है। सीएम ने खुद ड्राई लैब डिसेक्शन कर इसकी औपचारिक शुरुआत की।

केंद्रीय भारत का पहला सरकारी रोबोटिक सर्जरी सिस्टम

केंद्रीय भारत में किसी भी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में यह पहला मौका है जब रोबोटिक सर्जरी सिस्टम की सुविधा शुरू हुई है। सीएम साय ने कहा कि यह तकनीक न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी लाभ पहुंचाएगी। उन्होंने इसे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर बताया।

‘देव हस्त’ नाम का महत्व

सीएम ने उद्घाटन के दौरान कहा, “डॉक्टर धरती पर भगवान का रूप माने जाते हैं, जो हमें जीवन प्रदान करते हैं। इसी सोच के आधार पर इस सिस्टम का नाम ‘देव हस्त’ रखा गया है।”

AIIMS रायपुर से मुख्यमंत्री का जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि जब एम्स रायपुर की स्थापना की मंजूरी मिली थी, तब वे सांसद थे। उन्होंने उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से इस संस्थान की स्थापना का आग्रह किया था ताकि लोगों को दिल्ली तक न जाना पड़े और उन्हें उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं यहीं मिल सकें।

परिजनों के लिए बनेगा ‘परिजन निवास’

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एम्स रायपुर परिसर में मरीजों के परिजनों के लिए ‘परिजन निवास’ का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सांसद रहते हुए उनका दिल्ली निवास अक्सर मरीजों के परिजनों के लिए आश्रयस्थल बनता था, जिसे लोग ‘मिनी एम्स’ कहते थे।

स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार पर जोर

सीएम साय ने जानकारी दी कि पिछले 20 महीनों में छत्तीसगढ़ में 5 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी गई है। वहीं, नवा रायपुर में 5,000 बिस्तरों वाला मेडिसिटी प्रोजेक्ट भी तेजी से निर्माणाधीन है। राज्य गठन के समय जहां केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज छत्तीसगढ़ में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं।

गंभीर बीमारियों पर चिंता और योजनाओं का जिक्र

सीएम ने कैंसर और अन्य जीवनशैली जनित बीमारियों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इलाज की बढ़ती लागत को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिसमें 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध है।

जल्द अंबेडकर अस्पताल में भी मिलेगी सुविधा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि ‘देव हस्त’ सिस्टम से छत्तीसगढ़ को आधुनिक इलाज में बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में भी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की जाएगी।

Youthwings