संघ के वरिष्ठ प्रचारक शांताराम को श्रद्धांजलि: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी अंतिम विदाई
रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक स्व. शांताराम को अंतिम विदाई देने शनिवार को राजधानी के जागृति मंडल, पंडरी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और दिवंगत आत्मा के प्रति गहरी संवेदना जताई।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “शांताराम जी केवल संघ के वरिष्ठ प्रचारक नहीं थे, बल्कि मेरे लिए एक अभिभावक समान थे। उन्होंने हमेशा स्नेह दिया और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका निधन मेरे व्यक्तिगत जीवन की भी अपूरणीय क्षति है।”
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व अनुयायियों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
डॉ. रमन सिंह ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भी शांताराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा, “वे हमारे लिए पिता तुल्य थे। उन्होंने मदकूदीप को फिर से जीवंत किया और संघ कार्य को जन-जन तक पहुँचाने में अपना जीवन समर्पित किया। उनकी सरलता, अनुशासन और समर्पण भाव सभी के लिए प्रेरणा हैं।”
डॉ. सिंह ने बताया कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान भी शांताराम जी का स्नेह और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहा। उनका निधन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक गहरा आघात है।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि सभा में अनेक वरिष्ठ नेता और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें शामिल थे – कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, सांसद संतोष पांडे, विधायक अनुज शर्मा और मोतीलाल साहू, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, और कृषि कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर।
