चिल्फीघाटी में 20 KM लंबा जाम: लोहे से भरा एक ट्रेलर नाली में फंसा, 12 घंटे से यात्री परेशान

कवर्धा। चिल्फी थाना क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (रायपुर-जबलपुर मार्ग) पर सोमवार सुबह एक ट्रेलर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से भारी जाम की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, लोहे से भरा एक ट्रेलर नागमोरी घाटी में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में फंस गया। इसके चलते पूरी सड़क अवरुद्ध हो गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

दोनों ओर 20 किलोमीटर लंबा जाम

घटना के कुछ ही देर बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। दोनों ओर करीब 10-10 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। छोटे चारपहिया वाहनों से लेकर भारी वाहन, यात्री बसें और यहां तक कि एंबुलेंस भी इस जाम में फंस गईं। आमजन के साथ-साथ मरीजों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

12 घंटे से जंगल में फंसे यात्री

इस लंबे जाम के कारण सैकड़ों यात्री बीते 12 घंटे से जंगल के बीच फंसे हुए हैं। उमस भरी गर्मी, भोजन-पानी की कमी और मोबाइल नेटवर्क जैसी समस्याओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। यात्रियों ने बताया कि सुबह से लेकर देर रात तक कोई समाधान नहीं निकल सका है।

क्रेन भी नहीं पहुंच पा रही मौके पर

जाम खुलवाने के लिए चिल्फी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक ट्रेलर को हटाने में सफलता नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि ट्रेलर जिस स्थिति में नाली में फंसा है, वहां तक कोई भारी क्रेन या मशीनरी नहीं पहुंच पा रही है। न ही कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है जिससे यातायात को डायवर्ट किया जा सके।

Youthwings