गरियाबंद में CRPF की बड़ी कार्रवाई : जंगल से बरामद की छिपी सामग्री, नक्सलियों की सप्लाई लाइन तोड़ी..
गरियाबंद। जिले में चलाए गए एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने नक्सलियों की आपूर्ति श्रृंखला को बड़ा झटका दिया है। 30 अगस्त को 65वीं बटालियन की एफ/65 एवं जी/65 कंपनियों की संयुक्त टुकड़ी ने थाना मैनपुर अंतर्गत भालुडिग्गी वन क्षेत्र में “सी” स्तर का अभियान चलाया।
सर्चिंग के दौरान कुल्हड़ीघाट और बिंद्रानवागढ़ इलाके से भारी मात्रा में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई। इसमें सिलाई मशीन, पिट्ठू बैग, प्लास्टिक के जूते, तिरपाल, दवाइयां और राशन जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं। सभी सामान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की बरामदगी से साफ है कि नक्सली अब भी जंगलों में सक्रिय रहकर अपनी गतिविधियों को संचालित करने के लिए स्थानीय स्तर पर सामग्री जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। सीआरपीएफ़ द्वारा लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन से नक्सलियों की आपूर्ति श्रृंखला और छिपने के ठिकाने ध्वस्त हो रहे हैं।

65वीं बटालियन ने स्पष्ट किया है कि शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर एरिया डॉमिनेशन, सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।

