जश्न से मातम तक… 3 महीने बाद RCB का बड़ा ऐलान, भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को देगी इतने लाख

RCB

RCB

बेंगलुरु। आईपीएल 2025 की चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह उनकी जीत नहीं, बल्कि इंसानियत से जुड़ा कदम है। टीम ने उस दुर्भाग्यपूर्ण बेंगलुरु भगदड़ में जान गंवाने वाले फैंस के परिवारों की मदद के लिए आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। आरसीबी ने शनिवार 30 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए बताया कि ‘RCB CARES’ पहल के तहत हर मृतक के परिवार को 25-25 लाख रुपये दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट

आरसीबी ने अपनी पोस्ट में लिखा –
“4 जून, 2025 को हमारा दिल टूट गया था। हमने RCB परिवार के 11 सदस्यों को खो दिया। वे सिर्फ हमारे फैन नहीं थे, बल्कि हमारे शहर, समुदाय और टीम को खास बनाने वाले लोग थे। वे हमेशा हमारी यादों में रहेंगे। उनकी कमी कोई पूरा नहीं कर सकता, लेकिन पहले कदम के तौर पर हम उनके परिवारों को 25-25 लाख रुपये की मदद दे रहे हैं। यह हमारी तरफ से एकता और देखभाल का वादा है।”

टीम ने आगे लिखा –
“यह RCB CARES की शुरुआत है। यह एक दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है, जिसके जरिए हम अपने फैंस की स्मृतियों का सम्मान करेंगे और आगे बढ़ने वाले हर कदम में उनकी भावनाओं और अपेक्षाओं को प्राथमिकता देंगे।”

पहले दी थी पहल की झलक

इस बड़े ऐलान से 2 दिन पहले, यानी 28 अगस्त को, आरसीबी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। उस पोस्ट में टीम ने ‘RCB CARES’ पहल की शुरुआत की जानकारी साझा की थी। यह 4 जून की घटना के बाद उनकी पहली आधिकारिक पोस्ट थी।

क्या हुआ था 4 जून को?

दरअसल, रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने 18 साल बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। टीम की इस जीत ने पूरे बेंगलुरु में जश्न का माहौल बना दिया था। जीत के सम्मान में उसी दिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। लाखों की संख्या में फैंस स्टेडियम और उसके आसपास जमा हुए।

दोपहर करीब 3:25 बजे अचानक भगदड़ मच गई। अफरातफरी के इस माहौल में 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए। जीत की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई थी।

आरसीबी का संवेदनशील कदम

अब करीब तीन महीने बाद टीम ने इन पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद देकर एक मिसाल कायम की है। फैंस इस कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर लगातार आरसीबी का धन्यवाद कर रहे हैं।

 

Youthwings