पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने विधानसभा पेंशन के लिए किया आवेदन
नई दिल्ली। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पद से इस्तीफा देने के बाद अब राजस्थान विधानसभा पेंशन के लिए आवेदन किया है। उन्होंने यह आवेदन राजस्थान विधानसभा सचिवालय में दायर किया है। विधानसभा सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। तय प्रावधानों के अनुसार उन्हें न्यूनतम 42 हजार रुपये मासिक पेंशन और पूर्व विधायकों को मिलने वाली अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
धनखड़ 1993 से 1998 तक राजस्थान की किशनगढ़ सीट से विधायक रहे थे। इसके अलावा उनके राजनीतिक जीवन में कई अहम पड़ाव रहे हैं। वह 1989 से 1991 तक झुंझुनू से लोकसभा सांसद रहे और चंद्रशेखर सरकार में केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद 2019 से 2022 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे, जहां ममता बनर्जी सरकार के साथ लगातार टकराव के कारण वह सुर्खियों में रहे। अगस्त 2022 में वह भारत के उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए और 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया।
परिवार और दिनचर्या में व्यस्त धनखड़
इस्तीफे के बाद जगदीप धनखड़ सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए हुए हैं और इस समय परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। करीबी सूत्रों के मुताबिक, वह स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दे रहे हैं और नियमित रूप से योगाभ्यास करते हैं। साथ ही अपने पुराने शौक टेबल टेनिस को भी दिनचर्या में शामिल किए हुए हैं।
गौरतलब है कि टेबल टेनिस का शौक उन्होंने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहते हुए शुरू किया था, जो आज भी उनके जीवन का हिस्सा है। उपराष्ट्रपति एनक्लेव में भी वह अक्सर अपने शुभचिंतकों और स्टाफ के साथ टेबल टेनिस खेलते थे और अब इस्तीफे के बाद भी यही दिनचर्या जारी रखे हुए हैं।
उपराष्ट्रपति पद पर चुनाव 9 सितंबर को
धनखड़ के इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति पद फिलहाल रिक्त है। चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि 9 सितंबर को चुनाव कराए जाएंगे, जिसमें उनके उत्तराधिकारी का चयन किया जाएगा। इस बीच, राजनीतिक हलकों में धनखड़ के अगले कदम को लेकर अटकलें तेज हैं, हालांकि फिलहाल वह राजनीति से दूर परिवार और स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
