छात्रों को बड़ी राहत: छत्तीसगढ़ में कॉलेज एडमिशन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब इतने तारीख तक छात्र ले सकेंगे प्रवेश
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 5 सितंबर 2025 कर दिया है। यह फैसला उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की पहल पर लिया गया है, जिससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश पहले निर्धारित तिथि तक प्रवेश नहीं ले सके थे।
पहले 14 अगस्त थी अंतिम तिथि
पूर्व में प्रवेश की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2025 निर्धारित की गई थी, लेकिन कई संस्थानों में सीटें खाली रह गई थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर तिथि को बढ़ा दिया है।
विद्यार्थियों को मिलेगा अतिरिक्त मौका
अब विद्यार्थी 5 सितंबर 2025 तक राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और शासकीय महाविद्यालयों में प्रवेश ले सकेंगे। इस निर्णय से हजारों छात्रों को उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा, जो समय पर दाखिला नहीं ले पाए थे।
आदेश सभी संस्थानों को भेजा गया
उच्च शिक्षा विभाग ने इस निर्णय की जानकारी सभी विश्वविद्यालयों, शासकीय महाविद्यालयों और संबंधित अधिकारियों को भेज दी है, ताकि समय पर छात्रों को जानकारी मिले और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
