बीजापुर फिर दहला! नक्सलियों ने आदिवासी युवक को अगवा कर उतारा मौत के घाट

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नक्सलियों ने एक आदिवासी युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, बीजापुर थाना क्षेत्र के मानकेलि गांव निवासी सुदेश कोरसा को नक्सलियों ने अगवा कर लिया और धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।

महाराष्ट्र सीमा पर बड़ी मुठभेड़

इसी बीच छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में करीब आठ घंटे चली इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने चार नक्सलियों को ढेर कर दिया। मारे गए नक्सलियों में एक पुरुष और तीन महिला नक्सली शामिल हैं। मौके से हथियार और नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है।

ऐसे चला तलाशी अभियान

गढ़चिरौली एंटी नक्सल यूनिट को सूचना मिली थी कि गट्टा दलम, कंपनी नंबर 10 और गढ़चिरौली डिवीजन के अन्य माओवादी संगठन के सदस्य कोपरशी वन क्षेत्र में सक्रिय हैं। इस सूचना के बाद एएसपी एम. रमेश के नेतृत्व में 19 सी-60 इकाई और सीआरपीएफ की क्यूएटी यूनिट को तलाशी अभियान पर भेजा गया।

नक्सलियों की ओर से अंधाधुंध फायरिंग

लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद सुरक्षा बल जंगल में पहुंचे और तलाशी शुरू की। इसी दौरान नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को मार गिराया। घटनास्थल से एक एसएलआर राइफल, दो आईएनएसएएस राइफल और एक .303 राइफल सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद हुई।

सघन तलाशी अभियान जारी

मुठभेड़ के बाद शेष नक्सलियों की तलाश तेज कर दी गई है। गढ़चिरौली की एंटी नक्सल फोर्स लगातार भारी बारिश के बीच भी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रही है।

 

Youthwings