कांग्रेस विधायक के बेटे के बंगले में युवती का शव मिला, पूरे इलाके में सनसनी
टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कांग्रेस विधायक चंदा सिंह गौर के बेटे अभियंत सिंह गौर के बंगले से 20 वर्षीय युवती सपना रैकवार का शव बरामद हुआ है। जानकारी के मुताबिक शव बंगले के पीछे आम के पेड़ से लटका मिला। मृतका के चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
विधायक पुत्र बोले – घटना के समय दिल्ली में था
मामला सोमवार सुबह करीब 8 बजे का बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि शव मिलने की जानकारी किसी को नहीं लगी और आनन-फानन में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी बुधवार शाम कॉलोनी में काम करने वाली महिलाओं के जरिए बाहर आई। इस पर जब मीडिया ने अभियंत सिंह गौर से सवाल किए तो उन्होंने कहा कि घटना के समय वे दिल्ली में थे। घर पर उनकी पत्नी और 17 वर्षीय बेटा मौजूद था, जिन्होंने उन्हें फोन पर घटना की सूचना दी।
सपना को बेटी की तरह रखते थे – अभियंत सिंह गौर
विधायक पुत्र ने दावा किया कि सपना रैकवार उनकी नौकरानी नहीं थी बल्कि बेटी की तरह उनके साथ रह रही थी। उन्होंने बताया कि सपना पांच साल की उम्र से उनके घर पर थी और उसकी शादी के लिए रिश्ते की तलाश की जा रही थी। अभियंत सिंह गौर का कहना है कि सपना न तो फोन इस्तेमाल करती थी और न ही कभी परेशान दिखाई दी। सपना के पिता स्व. भोला रैकवार उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के बेलाताल के रहने वाले थे। घटना के बाद सपना की मां पुलिस के संपर्क में आईं, लेकिन अभी तक उन्होंने कोई बयान नहीं दिया है।
सीसीटीवी फुटेज जब्त, पुलिस ने बताई शुरुआती जांच
पुलिस ने बंगले पर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को आत्महत्या मान रही है। सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि एक फुटेज मिला है, जिसमें सपना खुद घटनास्थल की ओर जाती हुई नजर आ रही है और उसमें किसी अन्य व्यक्ति की उपस्थिति नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतका के परिजनों के बयानों के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
परिजन शोक में, पुलिस की जांच जारी
सीएसपी ने कहा कि फिलहाल मृतका के परिजन गहरे शोक में हैं और उन्होंने कोई बयान नहीं दिया है। शव को परिजन अपने गांव लेकर चले गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
