भारी बारिश से बीजापुर में तबाही: कई गांवों में घर उजड़े, पुल- पुलिए, सड़कों का नामोनिशान मिटा
बीजापुर – बीते दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने बीजापुर जिले में जबरदस्त तबाही मचाई है। बारिश थमने के बाद अब धीरे-धीरे तबाही की तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो किसी भी इंसान को झकझोर सकती हैं। नेशनल हाईवे से लेकर गांव-गांव तक बारिश के कहर ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
सड़कें और पुल बहे, गांवों में बर्बादी का मंजर
बीजापुर-गीदम नेशनल हाईवे पर स्थित बड़े तुमनार गांव के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया है। सिर्फ ऊपर से ही नहीं, बल्कि नीचे से भी मिट्टी दरकने के कारण लंबी दूरी तक सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। बड़े तुमनार से लेकर बांगापाल और भैरमगढ़ के तीन गांवों में बारिश ने कई लोगों के आशियाने उजाड़ दिए हैं।
अनाज, कपड़े, दस्तावेज, किताबें – सब कुछ बह गया
प्रभावित लोगों ने बताया कि घरों में रखा अनाज, फसल के बीज, पैसे, कपड़े, बर्तन, जरूरी दस्तावेज, यहां तक कि बच्चों की किताबें और कॉपियां भी बारिश में बह गईं। कुछ ही घंटों की तेज बारिश ने वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
अब सड़क पर जिंदगी, राहत पहुंचाने में जुटा प्रशासन
अब जब बारिश थम चुकी है, तो प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों तक राहत पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन हालात यह हैं कि जिनके घर उजड़ चुके हैं, वो अब सड़कों पर रहने को मजबूर हैं। कई लोग टूटी झोपड़ियों के पास बैठकर बचे-खुचे सामान को समेटते नजर आए।
