Raipur Special Train: छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए त्यौहारों पर रेलवे की सौगात, कई रूट्स पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
Raipur Special Train
रायपुर | Raipur Special Train: लंबे समय से छत्तीसगढ़ के यात्री स्पेशल ट्रेनों के नाम पर निराश होते आ रहे थे। अब तक रेलवे प्रशासन ज्यादातर केवल पासिंग ट्रेनों को ही “स्पेशल ट्रेन” बताकर काम चला देता था। लेकिन इस बार त्यौहारों के मौसम में यात्रियों को बड़ी राहत देने के लिए रेलवे ने वास्तव में छत्तीसगढ़ से कई स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत करने का ऐलान किया है।
यात्रियों के लिए बड़ी राहत
त्यौहारों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे का दावा है कि इस बार प्रदेश से दो दर्जन से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें कोलकाता और गुवाहाटी जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी ट्रेनें भी शामिल होंगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
गणेश पूजा से छठ तक चलेगीं ट्रेनें
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गणेश चतुर्थी से लेकर छठ पूजा तक रायपुर और प्रदेश के अन्य स्टेशनों से लगभग 15 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है। रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी ने बताया कि ये ट्रेनें कोलकाता, गुवाहाटी, लखनऊ, पटना, मुंबई, राजस्थान और गुजरात के प्रमुख शहरों तक जाएंगी। इस प्रस्ताव को रेलवे मुख्यालय को भेजा भी जा चुका है।
रिजर्वेशन में मिल रही है भारी दिक्कत
यात्रियों का कहना है कि फिलहाल कंफर्म सीट मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। रिजर्वेशन खुलते ही टिकट वेटिंग या नो रूम में चले जाते हैं। ऐसे में स्पेशल ट्रेनें यात्रियों के लिए बहुत मददगार साबित होंगी। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि केवल त्यौहारों तक ही नहीं बल्कि स्थायी रूप से इन रूट्स पर अतिरिक्त ट्रेनों की जरूरत है। अगर रेलवे इनमें से कुछ ट्रेनों को नियमित कर दे, तो प्रदेश के हजारों यात्रियों को लंबे समय तक फायदा मिल सकता है।
कैंसिल ट्रेनों की जगह मिली सौगात
छत्तीसगढ़ में अक्सर ट्रेनों के कैंसिल होने की खबर आती रहती है। लेकिन इस बार त्यौहारी सीजन में रेलवे ने कैंसिलेशन के बजाय यात्रियों को राहत देते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। अब देखना यह होगा कि क्या इससे यात्रियों को कंफर्म सीटें आसानी से मिल पाती हैं या नहीं।
