PM Modi Japan Visit: पीएम मोदी की जापान यात्रा से और मजबूत होंगे रिश्ते, सेमीकंडक्टर और AI पर होगा बड़ा सहयोग
PM Modi Japan Visit
PM Modi Japan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी जापान यात्रा से भारत और जापान के बीच दोस्ती और साझेदारी एक नए मुकाम पर पहुंचने वाली है। इस यात्रा का मुख्य फोकस सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और दुर्लभ खनिजों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है।
भारत-जापान शिखर सम्मेलन
पीएम मोदी गुरुवार को जापान की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान वे जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा से मुलाकात करेंगे और 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह मोदी की जापान की आठवीं यात्रा होगी, लेकिन शिगेरु इशिबा के साथ उनकी यह पहली शिखर वार्ता है।
दोनों नेता विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की समीक्षा करेंगे, जिसमें रक्षा और सुरक्षा, व्यापार, तकनीक, नवाचार और लोगों के बीच संपर्क शामिल होगा। साथ ही एशिया और दुनिया से जुड़े अहम मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
जापान करेगा 68 बिलियन डॉलर का निवेश
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस यात्रा के दौरान जापान भारत में 10 ट्रिलियन येन (लगभग 68 बिलियन अमेरिकी डॉलर) के निवेश लक्ष्य का ऐलान कर सकता है। माना जा रहा है कि मोदी और इशिबा इस निवेश का ऐलान संयुक्त बयान में करेंगे। इससे पहले, मार्च 2022 में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने भारत में 5 ट्रिलियन येन निवेश की घोषणा की थी।
बुलेट ट्रेन से सेमीकंडक्टर तक
भारत और जापान अब बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से आगे बढ़कर नए क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने जा रहे हैं। दोनों देश आर्थिक सुरक्षा में सहयोग के लिए एक नए ढांचे पर सहमत हो सकते हैं, जिसमें क्लीन एनर्जी, आवश्यक खनिज और खासतौर पर सेमीकंडक्टर्स को प्राथमिकता दी जाएगी। संभावना है कि मोदी और इशिबा जापान के सेंडाई शहर का भी दौरा करेंगे, जो सेमीकंडक्टर तकनीक के लिए मशहूर है।
स्टार्टअप्स और एआई पर पहल
मोदी की इस यात्रा में भारत और जापान स्टार्टअप्स और नई तकनीकों को लेकर भी बड़ा फैसला कर सकते हैं। दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सहयोग की नई पहल शुरू करने की तैयारी में हैं। सूत्रों के अनुसार, इससे भारतीय और जापानी कंपनियों के बीच नई संभावनाएं खुलेंगी और जापान की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
