सुकमा भोजन में फिनाइल कांड: शिक्षक सस्पेंड, FIR दर्ज, अधीक्षक-सहायक हटाए गए

सुकमा : जिले के छिन्दगढ़ विकासखंड के अंतर्गत संचालित बालक आवासीय विद्यालय पोटाकेबिन पाकेला में बच्चों के भोजन में रसायन मिलने की शिकायत ने शिक्षा विभाग और प्रशासन दोनों को झकझोर कर रख दिया है। बच्चों की जान से खिलवाड़ जैसे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने त्वरित और कठोर कार्रवाई की है।

शिक्षक पर आपराधिक मामला, निलंबन तत्काल प्रभाव से

विद्यालय के शिक्षक धनंजय साहू (शिक्षक एल.बी.) पर भोजन में रसायन मिलाने का संदेह जताया गया, जिसके बाद उनके विरुद्ध थाना छिन्दगढ़ में एफआईआर दर्ज कर उन्हें पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। प्रशासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें सिर्फ जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

प्रशासनिक फेरबदल: अधीक्षक और सहायक अधीक्षक भी बदले

इस गंभीर घटना के मद्देनज़र, विद्यालय के अधीक्षक दुजाल पटेल को उनके दायित्वों से मुक्त कर जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, सुकमा में अटैच किया गया है। उनकी जगह गौतम कुमार ध्रुव (शिक्षक एल.बी., माध्यमिक शाला पेदापारा) को नया अधीक्षक बनाया गया है। उनका वेतन पूर्व संस्था से ही जारी किया जाएगा।

इसी तरह, सहायक अधीक्षक भवन सिंह मंडावी को भी हटाया गया है और उनकी जगह रतन सिंह पैकरा (शिक्षक एल.बी., माध्यमिक शाला उदलतरई) को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर ने जताई सख्त नाराज़गी, दिए निगरानी के निर्देश

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, पोषण और शिक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी आवासीय विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता की सघन निगरानी और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Youthwings