AAP नेता सौरभ भारद्वाज के घर ED का छापा, 13 ठिकानों पर तलाशी… AAP कार्यकर्ताओं का हंगामा
दिल्ली। राजधानी में आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर समेत 13 ठिकानों पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। यह कार्रवाई 5,590 करोड़ रुपये के कथित अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई। छापेमारी की खबर फैलते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूर्व मंत्री के घर के बाहर इकट्ठा हो गए और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे।
आम आदमी पार्टी का केंद्र सरकार पर हमला
ईडी की कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री विवाद से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा – “पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से। मोदी जी की फर्जी डिग्री पर पूरे देश में चर्चा चल रही थी। इसी से बचने के लिए तानाशाह मोदी सरकार ने सौरभ भारद्वाज के घर ईडी का छापा डलवाया है। लेकिन AAP डरने और झुकने वालों में से नहीं है। मोदी जी, अपनी डिग्री तो दिखा दो।”
पहले लड़े थे गोरों से – अब लड़ेंगे चोरों से🔥
देशभर में मोदी जी की फ़र्ज़ी डिग्री पर चर्चा चल रही थी, इस चर्चा से ध्यान भटकाने के लिए अब तानाशाह मोदी सरकार ने @Saurabh_MLAgk जी के यहाँ अपने तोते ED का छापा डलवाया है।
मोदी जी सोच रहे हैं कि इन फ़र्ज़ी मामलों और छापों से आम आदमी… pic.twitter.com/ibdGdT4vrn
— AAP (@AamAadmiParty) August 26, 2025
“दिल्ली सौरभ भारद्वाज के साथ खड़ी है”
पार्टी ने एक और पोस्ट में सौरभ भारद्वाज के समर्थन में लिखा कि पूरी दिल्ली उनके साथ खड़ी है। आप ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है। पार्टी ने कहा कि “BJP का तोता ईडी फर्जी मामले में छापा मारने पहुंचा है। यह कार्रवाई सिर्फ मोदी जी की डिग्री विवाद से ध्यान हटाने की चाल है।”
अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़ा मामला
ईडी की यह छापेमारी दिल्ली में 24 अस्पतालों के निर्माण में कथित गड़बड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में हुई। आरोप है कि 2018-19 में आम आदमी पार्टी सरकार ने अस्पतालों के निर्माण को मंजूरी दी थी, लेकिन अधिकांश परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो सकीं। इसके चलते लागत लगातार बढ़ती गई और घोटाले की आशंका सामने आई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की FIR के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने PMLA के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
राजनीतिक माहौल गरमाया
इस छापेमारी के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। एक ओर जहां आम आदमी पार्टी इसे सियासी साजिश और विपक्ष को दबाने की कोशिश बता रही है, वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि अगर भ्रष्टाचार किया गया है तो कार्रवाई होना तय है। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर दिल्ली की सियासत और ज्यादा गरमाने की संभावना है।
