छत्तीसगढ़ में खौफनाक वारदात: बेटे ने कुल्हाड़ी से मां की हत्या कर किए टुकड़े, शव के पास बैठ गाता रहा गाना
जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से वारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने शव को टुकड़ों में काटा और फिर उसके पास बैठकर गाना गाने लगा। यह भयावह दृश्य देखकर पूरा इलाका दहशत में आ गया।
आरोपी ने शव के पास बैठकर गाना गाया
घटना बेदरभद्रा बस्ती की है। जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक का नाम जीत राम यादव है, जबकि उसकी मां का नाम गुल बाई था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मां की हत्या करने के बाद जीत राम शव के पास बैठा रहा और गाना गाने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने जब यह देखा तो इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई।
कुल्हाड़ी लेकर पुलिस और लोगों को धमकाता रहा
सूचना पर कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी हाथ में कुल्हाड़ी लिए बेहद आक्रामक हो गया था। वह किसी को भी पास नहीं आने दे रहा था। जैसे ही कोई नजदीक पहुंचता, वह कुल्हाड़ी लहराने लगता। आखिरकार पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मानसिक स्थिति पर शक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जीत राम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवारवालों ने बताया कि वह पहले केरल में काम करता था, लेकिन वहीं से उसकी मानसिक हालत बिगड़ गई थी। इसी वजह से परिवार ने दो दिन पहले ही उसे कुनकुरी वापस बुला लिया था। घटना के समय घर में अन्य परिजन भी मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसपी ने दी जानकारी
जशपुर पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बेहद विभत्स दृश्य देखा। आरोपी हत्या के बाद भी गाना गा रहा था और काफी आक्रामक था। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है।
