छत्तीसगढ़ भाजपा की नई टीम को मिलेंगी बड़ी जिम्मेदारियां, 30 अगस्त को शिव प्रकाश लेंगे विशेष बैठक

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई संगठनात्मक टीम के गठन के बाद अब उसे पूरी तरह सक्रिय करने की तैयारी जोरों पर है। इसी सिलसिले में राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिव प्रकाश 30 अगस्त को रायपुर में आयोजित भाजपा की प्रशिक्षण बैठक में हिस्सा लेंगे, जहां वे नए और पूर्व पदाधिकारियों को संगठनात्मक दिशा देंगे। इस बैठक में पहली बार सभी जिलों के पूर्व अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है, जो इस बात का संकेत है कि संगठन पुराने अनुभवों को भी नई टीम में समायोजित कर सामंजस्य की दिशा में बढ़ रहा है।

31 अगस्त को सिर्फ प्रदेश पदाधिकारियों से होगी विशेष चर्चा

बैठक के अगले दिन यानी 31 अगस्त को शिव प्रकाश केवल प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि आगामी चुनावी रणनीतियों और संगठनात्मक लक्ष्य पर केंद्रित यह संवाद बेहद अहम होगा।

प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक अनुशासन और आचार पर फोकस

30 अगस्त को भाजपा ने एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग रखा है, जिसमें पार्टी के दिग्गज नेता विभिन्न विषयों पर नई टीम को मार्गदर्शन देंगे। चूंकि प्रदेश में भाजपा की सरकार है, ऐसे में यह भी संभावना है कि पदाधिकारियों को संतुलित आचरण, अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की हिदायत दी जाएगी। पार्टी पहले ही मैनपाट चिंतन शिविर में मंत्रियों को भ्रष्टाचार से दूर रहने की सख्त चेतावनी दे चुकी है। इस बार संगठन पर भी उसी तरह की जिम्मेदारी डाली जा सकती है।

सेवा पखवाड़ा से जनता से सीधा जुड़ाव बनाने की तैयारी

पार्टी सूत्रों ने जानकारी दी है कि संगठन जल्द ही सेवा पखवाड़ा अभियान शुरू करेगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता पौधरोपण, सफाई अभियान और जनसेवा के अन्य कार्य करेंगे। इस पहल का उद्देश्य गांव-गांव और शहर-शहर तक संगठन की सक्रिय उपस्थिति और जनसंपर्क को बढ़ाना है। इससे न सिर्फ जनता से विश्वास बढ़ेगा, बल्कि प्रशासनिक सक्रियता को भी बल मिलेगा।

Youthwings